प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार

नसीम अहमद
स्योहारा, थाना स्योहारा पुलिस ने नफीस अहमद हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ब्रेज़ा कार, एक कुल्हाड़ी और खून से सनी टी-शर्ट बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को नफीस अहमद की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान सामने आया कि नफीस की हत्या कर शव को थाना कांठ क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर गढ़ी के जंगल में फेंक दिया गया था। मामले में थाना स्योहारा पर मुकदमा संख्या 298/2026, धारा 103(1), 238(A) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के आधार पर पुलिस ने ग्राम अलादीनपुर निवासी उवैश पुत्र अहमद हसन, साजिद पुत्र अहमद हसन तथा सितारा पत्नी अहमद हसन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक नफीस का परिवार की एक युवती से करीब सात वर्षों से प्रेम-प्रसंग था। परिवार के विरोध के बावजूद वह लगातार संपर्क में था और घटना वाले दिन भी विवाह का दबाव बना रहा था। इससे नाराज होकर आरोपियों ने उसे घर बुलाया, बांधकर मारपीट की और बाद में कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार से ले जाकर जंगल में फेंक दिया तथा मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेज़ा कार (UP14 EW 7698), एक कुल्हाड़ी और खून से सनी टी-शर्ट बरामद कर ली है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
