एसडीएम व तहसीलदार के साथ कैथी माझां और महगुपुरवा का किया निरीक्षण

अनिल यादव मव‌ई अयोध्या एम डी न्यूज

सरयू नदी का जलस्तर घटने के बीच गुरुवार को रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने एसडीएम विनोद गुप्ता और तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता के साथ बाढ़ प्रभावित कैथी माझां और महगुपुरवा गांव का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सरकारी नाव, बाढ़ चौकी और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कैथी माझां के ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि सरयू नदी का जलस्तर कभी अचानक बढ़ जाता है तो कभी घट जाता है, जिससे बाढ़ का खतरा बना रहता है। इस पर विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

बाढ़ चौकी पर ड्यूटी पर तैनात लेखपाल नकछेद उपस्थित मिले। अधिकारियों ने उनसे क्षेत्र की स्थिति और राहत तैयारियों की जानकारी ली। मौके पर सरकारी नाव तैनात मिली, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही।

एसडीएम विनोद गुप्ता ने बताया कि प्रशासन लगातार नदी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है। सभी बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं। राजस्व, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों की टीमें अलर्ट मोड में हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं।

निरीक्षण के दौरान कुलदीप सोनकर, पंकज शर्मा, आशीष वैश्य, रामराज लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *