गोला गोकर्णनाथ। छोटी काशी में सावन मेले एवं कांवड़ यात्रा के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस दौरान नगर में बड़ी संख्या में संचालित बैटरी ऑटो रिक्शा यातायात व्यवस्था के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। जगह-जगह मनमाने ढंग से ऑटो खड़े किए जाने से मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है।

भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने कहा कि गोला नगर में हजारों की संख्या में बैटरी ऑटो संचालित हैं, जिनकी तुलना में नगर का क्षेत्रफल छोटा है। ऐसे में बिना निर्धारित स्टैंड के ऑटो चालकों द्वारा सड़क किनारे वाहन खड़े करने से आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई बैटरी ऑटो बिना नंबर प्लेट और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित हो रहे हैं। कई मामलों में नाबालिग बच्चों द्वारा भी ऑटो चलाए जाते देखे गए हैं, जो सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

अनूप गुप्ता ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की कि अवैध रूप से संचालित ऑटो रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाया जाए, सभी वाहनों का सत्यापन कराया जाए तथा नगर में निर्धारित बैटरी ऑटो स्टैंड बनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

15 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *