इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी स्पार्कलिंग स्टार्स का भव्य इंस्टॉलेशन, नई कार्यकारिणी ने संभाला दायित्व

वाराणसी, इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी स्पार्कलिंग स्टार्स का भव्य इंस्टॉलेशन समारोह गुरुवार को कस्तूरी हॉल, होटल सूर्या में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट ट्रेज़रर डॉ. अनुराधा भाटिया (2026-27) ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। सुरभि मोदी ने अध्यक्ष, मंदाकिनी अग्रवाल ने सचिव, अनुजा बागला ने कोषाध्यक्ष, शिवानी अग्रवाल ने आईएसओ तथा निहारिका देवांशी ने संपादक का दायित्व संभाला। सभी पदाधिकारियों को कॉलर एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।
अध्यक्ष सुरभि मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब सेवा, मित्रता और अंतरराष्ट्रीय समझ के मूल सिद्धांतों पर कार्य करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जनहितकारी अभियान संचालित करेगा।
इस अवसर पर क्लब ने तीन प्रमुख सेवा परियोजनाओं का शुभारंभ किया। श्री हनुमान प्रसाद अंध विद्यालय, दुर्गाकुंड के विद्यार्थियों को स्टील की पानी की बोतलों का वितरण किया गया। संकटमोचन स्थित कुष्ठ आश्रम में ड्रेसिंग रूम के लिए सीलिंग फैन लगाया गया तथा जरूरतमंदों को दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। वहीं एक सरकारी विद्यालय की दसवीं कक्षा की दो मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में क्लब द्वारा हाल ही में किए गए सेवा कार्यों की भी जानकारी दी गई। रथयात्रा मेले में श्रद्धालुओं के लिए भोजन व शीतल जल वितरण, बच्चों को आइसक्रीम वितरण, डॉक्टर्स डे एवं सीए डे पर सम्मान समारोह तथा हिंदू अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर तीन मरीजों के लिए डायलिसिस की व्यवस्था जैसे कार्यों का उल्लेख किया गया।
अध्यक्ष सुरभि मोदी ने आगामी योजनाओं की घोषणा करते हुए बताया कि सावन माह में प्रत्येक सोमवार कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा एवं दवा वितरण शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही रथयात्रा क्षेत्र में भोजन सेवा, वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर एवं औद्योगिक क्षेत्र में 100 से 200 पौधों का वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा।
समारोह में क्लब की आईपीपी ईशा अग्रवाल, पूर्व कोषाध्यक्ष वर्तिका अग्रवाल, अनुजा अग्रवाल, गुंजा, शेफाली, नेहा, चार्टर प्रेसिडेंट मानसी सहित अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं। विभिन्न इनर व्हील क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, पीडीसी एवं डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए क्लब की सेवा भावना की सराहना की।

7 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *