MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला महिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – छवि जैन दभेड़ी वाले, मुजफ्फरनगर
मेरठ। सावन माह एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए मेरठ रेंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और बागपत जनपदों में कांवड़ मार्गों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और आधुनिक कंट्रोल रूम के माध्यम से चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी की जा रही है।

मेरठ रेंज के आईजी स्वयं कंट्रोल रूम से सुरक्षा व्यवस्थाओं की पल-पल मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी, ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिस और आपातकालीन सहायता दल तैनात किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनी रहे।
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत नज़दीकी पुलिस अधिकारी या कंट्रोल रूम को दें। मेरठ रेंज पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है।
