गोंडा मेडिकल कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर का इस्तीफा:स्त्री रोग विभाग की डॉ. ज्योति यादव ने छोड़ी नौकरी,

गोण्डा- जनपद गोंडा के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ज्योति यादव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ई-मेल और लिखित पत्र के माध्यम से मेडिकल कॉलेज प्रशासन को त्यागपत्र भेजते हुए व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. अनिल तिवारी ने शुक्रवार सुबह इस्तीफे की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉ. ज्योति यादव का त्यागपत्र गुरुवार देर शाम प्राप्त हुआ था। नियमानुसार इसे आगे प्राचार्य के पास भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्तीफा स्वीकार या अस्वीकार करने का निर्णय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के स्तर पर लिया जाएगा। डॉ. ज्योति यादव ने अपने त्यागपत्र में केवल व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख किया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इस्तीफे के पीछे किसी अन्य वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि, सूत्रों का दावा है कि विभाग में लंबे समय से चल रहे अंदरूनी विवाद और कार्य वातावरण से जुड़े मुद्दे भी इस फैसले की वजह हो सकते हैं। इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। डॉ. ज्योति यादव के इस्तीफे के बाद स्त्री रोग विभाग में डॉक्टरों की कमी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसका असर विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, प्रसव सेवाओं और ओपीडी में आने वाली मरीजों पर पड़ सकता है, क्योंकि विभाग पहले से ही सीमित स्टाफ के साथ कार्य कर रहा है। गौरतलब है कि 23 जून को सदर विधायक और जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के नए प्रसव विंग और वार्ड का उद्घाटन किया था, जिससे महिला स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई गई थी। वहीं उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले करीब डेढ़ वर्ष में विभाग में केवल पांच प्रसव होने को लेकर भी पहले सवाल उठ चुके हैं। सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने कहा कि, “डॉ. ज्योति यादव का त्यागपत्र प्राप्त हुआ है। इसे नियमानुसार आगे भेज दिया गया है। इसे स्वीकार करने या नहीं करने का निर्णय प्राचार्य स्तर पर लिया जाएगा।”

7 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *