महोबा। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने पुलिस कार्यालय परिसर से दो आधुनिक इंटरसेप्टर बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


ये अत्याधुनिक इंटरसेप्टर बाइकें लेजर तकनीक आधारित स्पीड डिटेक्शन सिस्टम, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, वीडियो रिकॉर्डिंग, पब्लिक एड्रेस सिस्टम सहित कई आधुनिक उपकरणों से लैस हैं। इनके माध्यम से ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, स्टंटबाजी, ड्रंक एंड ड्राइव, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी और उनके विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा जनपद में सुरक्षित, अनुशासित और सुदृढ़ यातायात व्यवस्था स्थापित करना है। आधुनिक इंटरसेप्टर बाइकों के संचालन से यातायात नियमों का पालन कराने में और अधिक मजबूती मिलेगी।
रिपोर्ट: अरबाज हाशमी
एमडी न्यूज़, जिला ब्यूरो चीफ, महोबा
