ब्रेकिंग न्यूज़ MD NEWS बहुआयामी समाचार

बुढ़ाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के सनसनीखेज मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा

MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) मुजफ्फरनगर

बुढ़ाना थाना पुलिस ने हत्या के चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना बुढ़ाना पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 332/2026, धारा 103(1) बीएनएस में वांछित विजय उर्फ छोटू पुत्र सतीश एवं नीटू पुत्र बोहरम, निवासी ग्राम मिंडकाली, थाना बुढ़ाना को बड़कता पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को मृतक विनोद कुमार के भाई प्रमोद कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 26 जुलाई की रात आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते विनोद कुमार के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तहरीर के आधार पर थाना बुढ़ाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जमीन खरीदने को लेकर विवाद और पुरानी रंजिश के कारण उन्होंने घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी। आरोपियों के अनुसार उन्होंने पहले शराब पी और फिर मौके पर पहुंचकर विनोद कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी लगातार पुलिस से बचते हुए इधर-उधर छिपते रहे, लेकिन बुढ़ाना पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले से जुड़े अन्य आरोपी की तलाश भी जारी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री के नेतृत्व में थाना बुढ़ाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

83 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *