रामपुर, 31 जुलाई 2026। अपना दल (एस) को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी के प्रदेश सचिव मोहम्मद वकील एडवोकेट, जिला मीडिया प्रभारी मोहम्मद असजद तथा उनके साथ सैकड़ों समर्थकों ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी की माननीय सांसद डिंपल यादव जी की मौजूदगी में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा। यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम रामपुर से सांसद की सरपरस्ती में संपन्न हुआ।
मोहम्मद वकील एडवोकेट ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी, शिक्षा विरोधी, छात्र विरोधी, किसान विरोधी तथा विकास विरोधी नीतियों का समर्थन करने से आहत होकर उन्होंने अपना दल (एस) छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अब वह सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में रामपुर जिले की सभी पांचों सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। माननीय सांसद
डिंपल यादव ने पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से समाजवादी पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिलेगी।
सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने मोहम्मद वकील एडवोकेट एवं उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में रामपुर की पांचों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी को विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं के संयुक्त प्रयासों से वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
इस अवसर पर मोहम्मद वकील एडवोकेट,मोहम्मद सगीर अहमद सभासद (टांडा), तस्लीम पहलवान सभासद टांडा, मोहम्मद फारूक (नगर पालिका प्रतिनिधि, टांडा), मोहम्मद असजद सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस संबंध में जानकारी सांसद मीडिया प्रभारी एडवोकेट महबूब अली पाशा ने दी।

