संवाददाता/ओम प्रकाश साहू

लखनऊ। मोहनलालगंज तहसील में शनिवार को आयोजित तहसील दिवस उस समय हंगामेदार हो गया जब गौरा गांव की जमीन पर हुए अवैध कब्जे के मामले को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता ने एसडीएम आकाश सिंह को जमकर फटकार लगाई।
अधिवक्ता का आरोप है कि गौरा गांव में सरकारी/विवादित और निजी जमीन पर भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा है, लेकिन प्रशासन कार्रवाई करने की बजाय उन्हें संरक्षण दे रहा है। अधिवक्ता ने कहा कि भू-माफिया पर प्रशासन की मेहरबानी की जीती-जागती तस्वीर आज मोहनलालगंज से सामने आई है। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अवैध कब्जा हटाओ अभियान के आदेशों को ताक पर रखा जा रहा है। तहसील दिवस के नाम पर जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा, जब हमारे जैसे वरिष्ठ अधिवक्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही तो आम जनता का क्या हाल होता होगा।” इस दौरान तहसील में मौजूद अन्य फरियादियों ने भी अधिवक्ता का समर्थन किया।
मामले को लेकर एसडीएम आकाश सिंह का कहना है कि गौरा गांव के मामले की जांच कराई जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गौरा गांव की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
