धर्मेन्द्र कसौधन/राष्ट्रीय ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने समूह ‘ग’ के विभिन्न पदों पर होने वाली भविष्य की भर्तियों के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार, परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू होकर 1 सितंबर 2026 तक चलेगी। आयोग के अध्यक्ष एस.एन. साबत की स्वीकृति मिलने के बाद इसकी आधिकारिक सूचना जारी की गई है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि पीईटी-2026 का स्कोर तीन वर्ष तक मान्य रहेगा, जिससे अभ्यर्थी इस अवधि में आयोग की विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में पात्रता के आधार पर शामिल हो सकेंगे।
इस बार आवेदन प्रक्रिया में आधार आधारित प्रमाणीकरण (Aadhaar Authentication) को अनिवार्य किया गया है। साथ ही, अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपना वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना होगा। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन से पहले अपने ओटीआर में दर्ज सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें और यदि कोई त्रुटि हो तो उसे समय रहते संशोधित कर लें।
आयोग के अनुसार, पीईटी-2026 पंजीकरण संख्या जारी होने के बाद न तो ओटीआर में और न ही पीईटी आवेदन पत्र में किसी प्रकार का संशोधन किया जा सकेगा। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक दर्ज करने की सलाह दी गई है।
