धर्मेन्द्र कसौधन/राष्ट्रीय ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) तथा दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं की समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत विद्यालयों से लेकर विद्यार्थियों तक आवेदन और सत्यापन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित तिथियों में पूरी की जाएगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को 22 जुलाई से 5 अगस्त के बीच छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपना मास्टर डाटा अपलोड करना होगा। इसी अवधि में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारी विद्यालयों की मान्यता, सीटों और अन्य आवश्यक विवरणों का सत्यापन करेंगे। वहीं, अल्पसंख्यक वर्ग के निजी विद्यालयों की पोर्टल पर आवश्यक मार्किंग की प्रक्रिया भी इसी समयावधि में पूरी की जाएगी।
छात्रवृत्ति के नवीनीकरण (Renewal) के लिए पात्र विद्यार्थी 11 अगस्त से 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र की हार्डकॉपी भी इसी अवधि में संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी।
विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, आवेदन पत्रों के सत्यापन तथा उन्हें अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त निर्धारित की गई है।
सरकार का लक्ष्य है कि सभी पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 तक लोक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (PFMS) के माध्यम से छात्रवृत्ति की राशि सीधे हस्तांतरित कर दी जाए, जिससे छात्रों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सके।
