MD NEWS बहुआयामी समाचार

रिपोर्ट जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

फतेहपुर । जनपद में गुमशुदा बच्चों की शीघ्र तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राधानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की संवेदनशील एवं तत्पर कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को थाना राधानगर पुलिस को सूचना मिली कि गंगानगर निवासी श्रीमती छाया देवी का लगभग 8 वर्षीय पुत्र रुद्र अपने पड़ोस के दो अन्य बच्चों आदित्य (10 वर्ष) एवं आरव (6 वर्ष), जो श्री राजकुमार के पुत्र हैं, के साथ घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया है। परिजनों ने काफी देर तक अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने थाना राधानगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर बच्चों की तलाश शुरू कराई।
उपनिरीक्षक गुलाब चंद मौर्य एवं कांस्टेबल प्रवीण उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। साथ ही कॉलोनी, आसपास के क्षेत्रों, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, परशुराम चौराहा तथा अन्य संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की गई। लगातार की गई तलाश के दौरान तीनों बच्चे रेलवे क्रॉसिंग के निकट स्थित राजेश भोजनालय पर सकुशल मिल गए। पुलिस टीम ने बच्चों को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बच्चों के सकुशल मिलने के बाद परिवारजनों ने थाना राधानगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और सतर्कता की प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। जनपद पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

2 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *