बरगुदर पुल से सई नदी में कूदी बीएससी छात्रा, दो घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
मौके पर उमड़ी भीड़, परिजनों में मचा कोहराम
सिकरारा (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के बरगुदर पुल से बुधवार सुबह सई नदी में छलांग लगाकर एक बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा ने जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद छात्रा का शव नदी से बरामद कर लिया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, डीहजहनिया गांव निवासी मुन्नालाल प्रजापति की पुत्री श्वेता प्रजापति क्षेत्र के गुलजारगंज-रईया स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब सात बजे वह किसी बात से नाराज होकर घर से साइकिल लेकर निकली और बरगुदर पुल पर पहुंचकर उसने सई नदी में छलांग लगा दी। मौके से छात्रा की लाल रंग की साइकिल और चप्पल बरामद हुई।
घटना के समय पुल से गुजर रहे राहगीरों ने छात्रा को नदी में कूदते देखा और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह एवं उपनिरीक्षक विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर तलाश अभियान शुरू कराया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुल से लगभग 50 मीटर आगे नदी में छात्रा का शव बरामद किया जा सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर: निखिल सिंह


