सरकारी जमीन पर दबंगों का अवैध कब्जा: एसडीएम मोहम्मदी ने दिए जांच के आदेश
बहुआयामी समाचार एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट
मोहम्मदी-खीरी: तहसील मोहम्मदी क्षेत्र के ग्राम पोखानापुर में सरकारी नवीन परती भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है। गांव के पीड़ित शिकायतकर्ता कौशल पाल ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मोहम्मदी को शिकायती पत्र सौंपकर दबंगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और अवैध निर्माण तुरंत रुकवाने की मांग की है।
एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़ित कौशल पाल ने उल्लेख किया है कि ग्राम पोखानापुर (परगना आठवां पिपरिया, तहसील मोहम्मदी खीरी) के दक्षिण दिशा में नवीन परती की भूमि सुरक्षित दर्ज है। इस सुरक्षित भूमि के पड़ोस में गाटा संख्या 338 व 339 स्थित है। आरोप है कि पड़ोसी विपक्षीगण अपनी दबंगई और बदमाशी के बल पर नवीन परती की इस सरकारी जमीन में न्यू भराकर अवैध निर्माण कार्य करा रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने तथा गांव के अन्य ग्रामीणों ने इस अवैध निर्माण का विरोध किया और मना किया, तो विपक्षीगण मारपीट पर आमादा हो गए। दबंगों ने जान-माल की धमकी देते हुए कहा, “तुम्हें जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, हम तो कब्जा करके ही रहेंगे।” सरकारी जमीन पर हो रहे इस अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है, जिससे सर्व समाज के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मोहम्मदी ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने तत्काल संबंधित हल्का लेखपाल को फोन कर मौके का निरीक्षण करने, मामले की निष्पक्ष जांच करने और अवैध निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाने के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित शिकायतकर्ता के पत्र के आधार पर संबंधित हल्का लेखपाल को तत्काल मौके पर भेजा गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध निर्माण को रुकवाया जाएगा और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

