25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फतेहपुर। कल्यानपुर थाना पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, चौड़गरा-जहानाबाद मार्ग से खजुहा रोड नहर के पास चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद फिरोज (42) पुत्र मोहम्मद अनीश, निवासी सालेपुर, थाना करारी, जनपद कौशांबी के रूप में हुई। आरोपी कल्यानपुर थाना के तीन मामलों तथा औंग थाना के एक मामले में वांछित चल रहा था और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, एक अपाचे मोटरसाइकिल, बेहोश करने वाली दवा का एक पत्ता तथा पार्ले बिस्कुट के दो पैकेट बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ फतेहपुर सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
कल्यानपुर पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *