बीजेपी के युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन ने किया विद्यार्थियों से संवाद

संवाददाता आशुतोष पाण्डेय MDNEWS जनपद अयोध्या, 5 अगस्त।

झुनझुनवाला पी.जी. कॉलेज के छात्र विकास समूह (Student Development Group) एवं रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “युवा बैठकी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन के संस्थापक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री हर्ष वर्धन सिंह ने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित किया।

“युवा बैठकी” का उद्देश्य युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना था, जहाँ वे अपने विचार खुलकर व्यक्त कर सकें, अयोध्या के समक्ष उपस्थित चुनौतियों पर चर्चा कर सकें तथा उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक सहभागिता तथा विकसित अयोध्या के निर्माण जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा की।

अपने संबोधन में हर्ष वर्धन सिंह ने कहा कि “किसी भी शहर का भविष्य उसके युवाओं की सोच, संवेदनशीलता और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करता है। यदि युवा केवल समस्याओं की चर्चा न कर, उनके समाधान का हिस्सा बनें, तो अयोध्या देश के लिए विकास और जनभागीदारी का एक आदर्श मॉडल बन सकती है।”

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा अयोध्या के विकास से जुड़े अनेक रचनात्मक सुझाव दिए। साथ ही शिक्षा, नवाचार, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन के साथ मिलकर विभिन्न जनहित परियोजनाओं पर कार्य करने की इच्छा व्यक्त की।

कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि “युवा बैठकी” केवल एक संवाद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि युवाओं के विचारों को समाजहित में ठोस कार्यों और जनभागीदारी आधारित अभियानों में परिवर्तित करने का एक सतत प्रयास बनेगी। रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन ने भविष्य में भी ऐसे संवाद नियमित रूप से आयोजित करने की घोषणा की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed