एमडी न्यूज ब्यूरों गोंडा- अजीत यादव


गोण्डा- श्रावण मास में आयोजित पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा दिनांक 07.08.2026 को थाना नवाबगंज क्षेत्रान्तर्गत गोण्डा-अयोध्या सीमा पर किए गए रूट डायवर्जन व्यवस्था, कांवड़ यात्रा मार्ग, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों तथा प्रमुख चौराहों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने रूट डायवर्जन योजना का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित रहे तथा आमजन एवं श्रद्धालुओ को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। महोदय द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। महोदय द्वारा थानाध्यक्ष नवाबगंज को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से उपस्थित रहकर निरंतर भ्रमणशील रहें। यात्रा मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा प्रत्येक सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए साथ ही रूट डायवर्जन व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन कराए, जिससे किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कराते हुए आमजन को पूर्व सूचना उपलब्ध कराई जाए। साथ ही एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में किसी प्रकार का व्यवधान न आने दिया जाए। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा यात्रा मार्ग पर स्थापित बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी भ्रामक अथवा अफवाहपूर्ण सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा बताया गया कि जनपद पुलिस कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक एवं प्रभावी प्रबंध किए गए हैं तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों एवं कांवड़ यात्रियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट डायवर्जन व्यवस्था का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष नवाबगंज अभय सिंह सहित अन्य अधि0/कर्मचारीगण मौजूद रहें।
![]()
