बाराबंकी जनपद को हरियाली की नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। जिला वन अधिकारी आकाश दीप बाधवान के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और प्रभावी कार्यशैली के चलते बाराबंकी जनपद हरित क्रांति की ओर तेजी से अग्रसर दिखाई दे रहा है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक बड़े पैमाने पर पौधे रोपे जा रहे हैं और उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जा रही है।
यदि आज बाराबंकी जनपद के किसी भी क्षेत्र का भ्रमण किया जाए तो सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में हरियाली का विस्तार स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। जो मार्ग कभी सूने और वीरान नजर आते थे, आज उन्हीं मार्गों पर आयरन ट्री गार्ड से सुरक्षित हरे-भरे पौधे पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते नजर आ रहे हैं।
रामनगर रेंज में सचिन पटेल वन दरोगा की अगुवाई में लगातार वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रामनगर रेंज के वन दरोगा सचिन पटेल द्वारा लगातार पौधरोपण एवं पौधों की सुरक्षा का कार्य कराया जा रहा है। देदौरा, रानीबाजार रोड, त्रिलोकपुर रोड, बाराबंकी-बहराइच मार्ग सहित रेंज के विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जा रहे हैं। इन मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में लगाए गए पौधों के कारण कई स्थानों पर अब दूर तक हरियाली ही हरियाली दिखाई देने लगी है।
बताया जा रहा है कि रामनगर रेंज में लगभग 35 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण का कार्य किया जा रहा है। लगातार पौधरोपण और पौधों की देखभाल से क्षेत्र में पर्यावरण का घनत्व बढ़ रहा है। सड़क किनारे लगाए गए पौधों को आयरन ट्री गार्ड से सुरक्षित किया जा रहा है, जिससे पौधों को नुकसान से बचाया जा सके और वे सुरक्षित रूप से वृक्ष का रूप ले सकें।
जिला वन अधिकारी आकाश दीप बाधवान का मानना है कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखते हुए वृक्ष बनने तक उनकी निरंतर देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ वन विभाग द्वारा पौधों की सुरक्षा के लिए आयरन ट्री गार्ड लगाए जा रहे हैं तथा समय-समय पर उनकी निगरानी भी की जा रही है।वन विभाग द्वारा संचालित इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। विभाग लगातार लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित कर रहा है। “एक पेड़ माँ के नाम” सहित विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि जिला वन अधिकारी की कार्यशैली और दृढ़ संकल्प के कारण बाराबंकी में वृक्षारोपण अभियान केवल सरकारी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक जनअभियान का रूप लेता दिखाई दे रहा है। रामनगर रेंज सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार किए जा रहे पौधरोपण से आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
लगाए गए यही पौधे भविष्य में जिले के पर्यावरण को संतुलित रखने, तापमान में कमी लाने, जैव विविधता के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।वन विभाग का यह अभियान आज बाराबंकी के लिए हरियाली, स्वच्छ पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण का नया अध्याय लिख रहा है। यदि इसी प्रकार जनसहभागिता और विभागीय प्रयास निरंतर जारी रहे तो वह दिन दूर नहीं जब बाराबंकी उत्तर प्रदेश के हरित जिलों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed