महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए।पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को सुबह करीब 7 बजे स्टेशन अधीक्षक सिसवा बाजार द्वारा सूचना दी गई कि सिसवा बाजार स्टेशन और घुघली के बीच किलोमीटर संख्या 338/2-3 पर रेलवे ट्रैक के बीच एक महिला का शव पड़ा है।

सूचना पर थाना कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष है। ट्रेन की चपेट में आने के कारण उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। मृतका के शरीर पर सलवार-कुर्ती मौजूद थी।पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी मृतका की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *