तहसील प्रभारी रिपोर्ट गंगा चरण एमडी न्यूज़

गोसाईगंज, लखनऊ। राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम के जज्बे से मंगलवार को गंगागंज का माहौल तिरंगामय हो गया। पतंजलि योग समिति गंगागंज आश्रम से सैकड़ों बाइक सवारों ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य बाइक रैली निकाली। रैली के दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
ब्लॉक प्रमुख विनय वर्मा एवं पतंजलि योग समिति गंगागंज के अध्यक्ष नागेश कुमार के नेतृत्व में निकली रैली की अध्यक्षता अमेठी मंडल अध्यक्ष पंकज नयन ने की। सुबह आश्रम परिसर से रैली का शुभारंभ होते ही तिरंगों से सजी बाइकों का काफिला सड़कों पर निकल पड़ा। रैली में युवाओं और क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रैली गंगागंज कस्बा, अमेठी मंडल, सलेमपुर, रहमतनगर, मुंशीगंज और कोड़रा होते हुए पुनः पतंजलि योग समिति गंगागंज आश्रम पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा रैली का स्वागत किया। ब्लॉक प्रमुख विनय वर्मा एवं नागेश कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होती है। रैली में मुख्य रूप से जिला पंचायत सदस्य अमरेन्द्र भारद्वाज, के.के. अवस्थी, वीरेंद्र रावत, शैलेंद्र पटेल, मंडल महामंत्री डी.डी. त्रिपाठी, अभिषेक, अंकित प्रजापति, अंकित वर्मा, रामजी विश्वकर्मा समेत कई ग्राम प्रधान, मंडल पदाधिकारी और क्षेत्रीय कार्यकर्ता शामिल रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *