रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा एमडी न्यूज़

मसौली बाराबंकी। थाना क्षेत्र के ग्राम सुरसण्डा स्थित वक्फ बोर्ड संख्या 127 के अंतर्गत आने वाली हजरत मखदूम शाह दरगाह के पंजीकृत मुतवल्ली पर सोमवार सुबह कथित रूप से लाठी डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दरगाह परिसर में अफरा तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित की तहरीर पर मसौली पुलिस ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे दरगाह परिसर में समिति के सदस्यों की मौजूदगी में दानपात्र (गल्ला) खोला गया। उसमें प्राप्त धनराशि निकालने के बाद जैसे ही मुतवल्ली दरगाह के मुख्य द्वार की ओर पहुंचे वहां पहले से मौजूद अल्ताफ, आफताब, इम्तियाज, रईस, असीर, मन्नू, अतीक, शाबान और समीर समेत अन्य लोगों ने कथित रूप से गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद आफताब समेत अन्य लोगों ने लाठी डंडों से मुतवल्ली पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना से दरगाह परिसर में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच बचाव किया जिसके बाद आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि नामजद आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और दरगाह पर कब्जा करने की नीयत से लगातार विवाद उत्पन्न कर रहे हैं। पीड़ित ने अपने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस के अनुसार तहरीर प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा
![]()
