फतेहपुर। जिले के वर्मा तिराहा स्थित भीड़भाड़ वाले इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सब्जियों की दुकानों के बीच फल की दुकान लगाए बैठे एक दुकानदार के ऊपर अचानक 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से फल विक्रेता की मौके पर मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परवेज नामक दुकानदार रोज की तरह अपनी फल की दुकान लगाए बैठा था। इसी दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर दुकान पर जा गिरा और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।


स्थानीय लोगों ने दुकानदार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बिजली का प्रवाह जारी होने के कारण कोई उसके पास नहीं पहुंच सका। करीब 20 मिनट तक चले प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।


स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्मा तिराहा जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है। लोगों का आरोप है कि यदि हाईटेंशन लाइन के नीचे पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और सेफ्टी वायर की व्यवस्था होती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर एवं जोखिम वाली विद्युत लाइनों की तत्काल जांच कराने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
सवाल यह है कि आखिर भीड़भाड़ वाले बाजार में हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों थी? अब देखना होगा कि बिजली विभाग इस हादसे के बाद क्या कार्रवाई करता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed