रामविलास पासवान और कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की दलित चौपाल में सामाजिक न्याय और समावेशी विकास पर जोर

वाराणसी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), पूर्वांचल उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में गुरुवार को रामलीला मैदान, सुईचक गंगापुर में ‘दलित चौपाल’, सामाजिक समरसता भोज एवं कार्यकर्ता जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी रहे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजीव पासी ने कहा कि दलित चौपाल केवल बैठक नहीं, बल्कि विचारों के आदान-प्रदान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का सशक्त मंच है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के संदेश को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने के साथ आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता और मतदान का अधिकार दिया है। समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। साथ ही गांवों में छुआछूत और जातिगत भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए।
राजीव पासी ने बताया कि 10 अगस्त 2026 को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में गंभीर विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए हैं। इनमें पद्म विभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान एवं कांशीराम जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग प्रमुख है।
उन्होंने बताया कि पार्टी ने मलीहाबाद के कसमंडी कलां स्थित राजा कंस पासी के किले तथा लखनऊ स्थित वीर शिरोमणि महाराजा बिजली पासी के किले के संरक्षण की मांग की है। इसके साथ ही कौशांबी के कड़ा स्थित महाराजा कड़ेदीन पासी के किले के संरक्षण, संवर्धन एवं विकास के लिए आवश्यक पहल करने, राष्ट्रीय युवा आयोग तथा राष्ट्रीय किसान आयोग के गठन का भी प्रस्ताव पारित किया गया है।
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री धनंजय दुबे, प्रदेश महासचिव आशुतोष सिंह गहरवार, प्रदेश उपाध्यक्ष हरकेश पासवान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रभारी एमएलसी वाराणसी प्रशांत श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष वाराणसी प्रदीप खरवार, कार्यक्रम आयोजक एवं जिला अध्यक्ष वाराणसी आशीष पटेल, जिला अध्यक्ष चंदौली गोविन्द पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *