एमडी न्यूज ब्यूरो। बाराबंकी

बाराबंकी। त्रिवेदीगंज ब्लाक के मकनपुर गांव को भेलवल गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग बारिश में पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और किनारे कचरे का ढेर लगा हुआ है। बरसात के कारण मिट्टी धंसने से सड़क बीच से टूट गई है, जिससे दो गांवों का संपर्क टूट गया है,जिस कारण कभी भी कोई राहगीर किसी बड़े हादसे का शिकार हो सकता है।
तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह धंस गया है और उसी गड्ढे में प्लास्टिक, पन्नी, ईंट और घरेलू कचरा भरा पड़ा है। रास्ते से रोजाना ग्रामीण, बच्चे और मवेशी गुजरते हैं। दूर तस्वीर में बकरियां लेकर जा रहे लोग भी दिखाई दे रहे हैं, जो जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। कचरे के कारण गंदगी और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बरसात में यहां से निकलना दूभर हो जाता है और दो पहिया वाहन तो अक्सर गिरते रहते हैं।
स्थानीय लोगों की मांग!
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खंड विकास अधिकारी से मांग की है कि सड़क की तत्काल प्रभाव से मरम्मत कराई जाए और कचरे को हटवाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए। लोगों ने बताया की इसी मार्ग पर नेहरू मेमोरियल इंटर कॉलेज भी पड़ता है, और स्वतंत्रता दिवस पर कालेज के छात्र इसी मार्ग से होते हुए एक रैली निकालेंगे। जिसको देखते हुए इस मार्ग को जल्द दुरुस्त किया जाये। जिससे कार्यक्रम में सड़क बाधा न बने, और कार्यक्रम सकुशल रुप से हो जाये। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस खबर को संज्ञान में लेकर कब तक इस समस्या का समाधान करता है।
![]()
