भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता हाउस अरेस्ट
अमेठी। दिव्यांगजनों की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता को अमेठी पुलिस ने रविवार, 16 अगस्त 2026 को उनके आवास परसवां में हाउस अरेस्ट कर लिया।
बताया जा रहा है कि दिनेश कुमार गुप्ता दिव्यांगजनों की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास जाने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान पुलिस उनके आवास पर पहुंची और उन्हें घर से बाहर जाने से रोक दिया।
दिनेश कुमार गुप्ता ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं और उनकी जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखने के लिए भी उन्हें घर से निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
गुप्ता ने कहा कि दिव्यांगजनों की पेंशन, रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं, आयुष्मान कार्ड तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन सहित विभिन्न मांगों को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठाने का संघर्ष जारी रहेगा।
अमेठी से दिनेश गुप्ता एमडी न्यूज़

![]()
