
व्यापारियों ने कांवड़ियों और दर्शनार्थियों के लिए लगाया विशाल जलपान शिविर

वाराणसी, 17 अगस्त। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले मुख्य मार्ग बुलानाला स्थित कानपुर धर्मशाला के पास विशाल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रहे कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए जल एवं जलपान की व्यवस्था की गई।
सुबह से ही व्यापारियों की टीम सड़क पर आने-जाने वाले शिवभक्तों को पूरी श्रद्धा एवं सेवाभाव के साथ जलपान कराती नजर आई। उमस भरी गर्मी में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को इस सेवा से काफी राहत मिली। व्यापारियों के इस सेवा कार्य की श्रद्धालुओं ने भी सराहना की।
इस अवसर पर काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि “कांवड़ियों और दर्शनार्थियों की सेवा करना साक्षात भगवान शिव की सेवा करने के समान है। काशी की परंपरा ही सेवा, सहयोग और अतिथि सत्कार की रही है।”
शिविर के दौरान स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा गया तथा श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से जल एवं जलपान वितरित किया गया।
सेवा शिविर को सफल बनाने में मुख्य रूप से अध्यक्ष राकेश जैन, महामंत्री राजकुमार शर्मा, उपाध्यक्ष पवन मोदी, राजेश सोनी, रविशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष अनिल केशरी, अश्वनी शाह, सोनालाल सेठ, शालिनी गोस्वामी, विजय पाण्डेय, महेश माहेश्वरी, मनोज कुमार सिंह, रश्मि साहू, सुषमा पाण्डेय, उषा गुप्ता, लक्ष्मी जादवानी, शैलेंद्र सिंह, नन्दलाल अरोड़ा, राजेन्द्र चक्रवाल, गिरीश चंद्र सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
![]()
