बहु आयामी समाचार एमडी न्यूज़ वॉइस ब्यूरो चीफ लखनऊ मंडल मोहम्मद आमिर 21 अगस्त
बरवर (लखीमपुर खीरी)
वन विभाग मोहम्मदी क्षेत्र के अंतर्गत ककराही गांव निवासी एक किसान पर शुक्रवार को बाघ ने अचानक हमला कर दिया। गलरई भट्ठे के पास स्थित गन्ने के खेत में घास काट रहे केपी जोशी (पुत्र शिवकरण लाल) पर बाघ ने जानलेवा झपट्टा मार दिया। चीख-पुकार सुनकर पास में ही मौजूद पिता अपनी जान की परवाह किए बिना बाघ से भिड़ गए और शोर मचाना शुरू कर दिया।

पिता की आवाज और हंगामा सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण भी मौके की ओर दौड़ पड़े। किसानों के एक साथ शोर मचाने और ललकारने पर बाघ घायल किसान को छोड़कर गन्ने के घने खेतों की तरफ भाग निकला। बाघ के चंगुल से छूटने के बाद केपी जोशी लहूलुहान हालत में खेत से बाहर आए और कुछ ही दूरी पर बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल केपी जोशी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मोहम्मदी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पिता शिवकरण लाल ने बताया कि ग्रामीणों के समय पर जुटने और संयुक्त रूप से शोर मचाने की वजह से ही उनके बेटे की जान बच सकी।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। गन्ने के खेतों के आसपास बाघ की मौजूदगी से पूरे ककराही और आसपास के इलाके में भारी दहशत का माहौल है, जिससे ग्रामीणों का खेतों की तरफ जाना दूभर हो गया है।
![]()
