फरधान-नीमगांव पुलिस की संयुक्त टीम की मुठभेड़ में दो कथित शातिर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज (लखीमपुर)
जिले में चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत फरधान और नीमगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद दो कथित शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे थे। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, फरधान क्षेत्र में बेल रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसरत अली उर्फ छोटा तालिब (24) निवासी गौरिया और अमान खान उर्फ मान (25) निवासी पठाननपुरवा, थाना फरधान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मिस कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा करीब 20 मीटर छिला हुआ कॉपर का तार और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी थाना फरधान, नीमगांव, मितौली और मैगलगंज समेत अन्य थानों में दर्ज मुकदमों से जुड़े हैं। हसरत अली के खिलाफ आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं अमान खान के खिलाफ भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
मुठभेड़ के संबंध में थाना फरधान में मुकदमा अपराध संख्या 388/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल आरोपियों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। मामले में पुलिस की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में फरधान थानाध्यक्ष निराला तिवारी और नीमगांव थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम के नेतृत्व में दोनों थानों की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।

