ब्रेकिंग न्यूज़
एम डी न्यूज़ मथुरा से संवाददाता-जितेंद्र ठाकुर आगरा मंडल ब्यूरो प्रमुख की खास रिपोट
फोम ने पकड़ी आग तो धधक उठा फर्नीचर शोरूम, 20 लाख का नुकसान
मथुरा। शहर कोतवाली क्षेत्र के बीएसए मार्ग स्थित कृष्ण विहार कॉलोनी में सोमवार शाम पांडेय फर्नीचर शोरूम में अचानक आग लग गई। शोरूम में रखे फोम, गद्दे, सोफे, बेड और फर्नीचर ने आग को तेजी से विकराल रूप दे दिया। कुछ ही देर में शोरूम से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। घटना से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई।
बताया गया कि सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे शोरूम से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने शोरूम के अंदर रखे फोम और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। फोम में आग लगने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
सूचना के बाद अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने करीब पौने घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दमकल कर्मियों ने आसपास के हिस्से को भी सुरक्षित किया, जिससे आग दूसरी दुकानों और आसपास के मकानों तक फैलने से बच गई।
शोरूम संचालक मोनू पांडेय ने बताया कि आग लगने के समय वह शोरूम पर मौजूद नहीं थे। पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें आग लगने की सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो शोरूम में रखा फर्नीचर, फोम, गद्दे और अन्य सामान आग की चपेट में आ चुका था। उन्होंने बताया कि आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
संचालक के अनुसार, घटना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। तब तक शोरूम में रखा अधिकांश फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। अग्निशमन विभाग की टीम घटना के कारणों और नुकसान का आकलन करने में जुटी है।


