रिपोर्टर आकाश मिश्र
बहुआयामी समाचार


लखीमपुर खीरी, 8 सितम्बर 2026। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद के मितौली विकास क्षेत्र के अंतर्गत सरायन नदी उफनाई हुई है जिसके कारण उसका पानी किसानों के खेतों एवं ग्रामीण इलाकों में भरा हुआ है। कहीं-कहीं नदी पर बने रपटापुल पूर्ण तरह से डूब जाने से कई गाँवों के संपर्क टूट गए हैं।
आपको बताते चलें कि पिछले दिनों से लगातार भारी बारिश होने के कारण क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बड़ी से लगाकर छोटी तक नदियां उफान पर हैं जिनका पानी ग्रामीण इलाकों तथा खेतों में तबाही मचाए हुए है। पानी भरने से ग्रामीण इलाकों में संक्रामक रोगों तथा कीड़े मकोड़ों का भी खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों को अपने घरों की चिंता सताने लगी है वहीं दूसरी ओर नदी का पानी किसानों की फसलों को डुबोए हुए हैं जिससे किसानों को अपनी फसलों की चिंता सता रही है।
वहीं दूसरी ओर नहरें खाली चल रहीं हैं क्योंकि नहरों का पानी नदियों में कहीं ना कहीं से जा रहा है। संबंधित विभाग ने अभी तक कोई भी सुध नहीं ली है कि आखिर नदियां उफान पर हैं और नहरे खाली क्यों चल रहीं हैं।
इस बात को लेकर के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
यदि इसी तरह से लापरवाही का माहौल बना रहा तो किसानों को भारी नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। जबकि यदि समय रहते नहरों का कटान रोक लिया जाए तो हो सकता है कि वही पानी नदियों में ना जाकर के नहरे में डाइवर्ट हो जाए और नदियों का जलस्तर घट जाए। जिससे ग्रामीण इलाकों में तथा तराई क्षेत्रों में किसानों की डूबी फसलें नष्ट होने से बच सकती हैं तथा जिन ग्रामीण क्षेत्रों में पानी भरा हुआ है उन पर भी मंडराता हुआ खतरा टल सकता है।
