आम आदमी पार्टी ने रामपुर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई की मांग
रामपुर। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के जिला प्रभारी/प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला ने रामपुर नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली और शहर की बदहाल स्थिति को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सना मामून को पत्र भेजा है।
एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
पत्र में उन्होंने चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने और शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की है।
फैसल खान लाला ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष को जिम्मेदारी संभाले करीब तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन शहर की सूरत-ए-हाल में अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जगह-जगह गंदगी, जर्जर सड़कें और नालियां, टूटे नालों की ढक्कन, खराब स्ट्रीट लाइट, पेयजल की समस्या तथा पार्कों की बदहाल स्थिति से आम जनता परेशान है।
पत्र में टूटे और खुले नालों को लेकर भी चिंता जताई गई है। उन्होंने कहा कि खुले नालों में गिरने से दो मासूम बच्चों की जान जा चुकी है, इसके बावजूद खतरनाक स्थानों को दुरुस्त करने में अपेक्षित गंभीरता नजर नहीं आ रही है। बारिश के दौरान जलभराव और नगर पालिका के अधीन नेहरू स्कूल की बदहाल स्थिति को भी जनहित का गंभीर मुद्दा बताया गया।
आम आदमी पार्टी नेता ने कहा कि चुनाव के दौरान मोहल्ला क्लिनिक, नेहरू स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने और रामपुर को उत्तर प्रदेश की शानदार मॉडल नगर पालिका बनाने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन तीन वर्ष बाद भी इन वादों पर उल्लेखनीय काम दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच तथा कामकाज में पूर्ण पारदर्शिता की मांग की। साथ ही अध्यक्ष से सफाई, सड़क, नाली, जलभराव, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, पार्क, मोहल्ला क्लिनिक और नेहरू स्कूल जैसे मुद्दों पर तत्काल ठोस कार्रवाई करने की अपील की।
फैसल खान लाला ने कहा कि रामपुर की जनता सब कुछ देख रही है और हर काम का हिसाब रख रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर पालिका अध्यक्ष जनता की अपेक्षाओं को समझते हुए अपने कार्यकाल में ठोस और जनहितकारी कार्य कराएंगी।

