हाथरस। 17 सितंबर से शुरू होने वाले प्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं अधिकारियों के साथ मेला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी निर्माण एवं व्यवस्थाओं को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने प्रवेश-निकासी व्यवस्था अलग रखने, पार्किंग को सुव्यवस्थित करने, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन मार्ग हर समय अतिक्रमण मुक्त रहें तथा अग्निशमन और पुलिस-प्रशासन की टीमें रणनीतिक स्थानों पर तैनात रहें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेले से पहले पूरे परिसर का ड्राई रन कराकर सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाए। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाथरस से इमरान मलिक की खबर

