हाथरस लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के भव्य आयोजन को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी हाथरस अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से मेला परिसर का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पार्किंग स्थल, दंगल स्थल, प्रशासनिक शिविर, विभिन्न समुदायों एवं राजनीतिक दलों के शिविर, दुकानों, झूलों तथा मेला परिसर में आने-जाने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन के साथ सभ्य और शालीन व्यवहार किया जाए तथा किसी के साथ दुर्व्यवहार न हो। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर ड्यूटी की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को अच्छे टर्नआउट के साथ उत्साह, सेवाभाव और सतर्कता से ड्यूटी करने तथा भीड़ नियंत्रण के दौरान सीटी का प्रयोग करने को कहा गया।एसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के संबंध में विधिवत ब्रीफ करने के निर्देश दिए, ताकि किसी कर्मचारी को अपने कर्तव्यों को लेकर कोई भ्रम न रहे। साथ ही मेले में आने वाले लोगों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।मेले के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। मेला क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों से तत्काल संपर्क स्थापित करने के लिए रेडियो संचार व्यवस्था विकसित की गई है। महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को हैंड हेल्ड सेट के साथ रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर रूफ टॉप ड्यूटी भी लगाई जाएगी।अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर के आसपास फायर सर्विस की गाड़ियां तैनात रहेंगी और फायर इंस्टीग्यूसर से लैस सचल दस्ता भी मौजूद रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पीए सिस्टम से लैस सचल दस्ता भी लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमण कर आमजन की सहायता करेगा।मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो लगातार निगरानी रखेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मंदिर के आसपास तथा आने-जाने वाले मार्गों पर साइन बोर्ड और पार्किंग बोर्ड लगाए गए हैं।अधिकारियों ने बताया कि विशाल लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। मेला परिसर एवं आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी, ताकि मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि./रा., उप जिलाधिकारी सदर, अग्निशमन अधिकारी राजकुमार वाजपेयी, क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सतेंद्र सिंह राघव सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हाथरस से राजा पाठक की रिपोर्ट

