गोदाम की छत के ऊपर से गुजर रहे हैं जर्जर विद्युत तार, कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
हाथरस। विद्युत विभाग की कथित लापरवाही का खामियाजा थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला टूंडला गांव में मां संतोषी बैंड के गोदाम संचालक को भुगतना पड़ा। शुक्रवार देर रात विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि समय रहते गोदाम संचालक ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया, अन्यथा स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।सबसे गंभीर बात यह है कि गोदाम की छत के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को हटवाने के लिए संचालक द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी थी। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया और तारों को हटाने अथवा सुरक्षित व्यवस्था कराने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।शुक्रवार रात इसी विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते गोदाम आग की लपटों में घिर गया। आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो न केवल लाखों रुपये का सामान बल्कि गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का सामान भी आग की चपेट में आ सकता था। साथ ही आसपास के मकानों और लोगों की जान को भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।सवाल यह है कि आखिर विद्युत विभाग को कार्रवाई के लिए कितने बड़े हादसे का इंतजार है? जब किसी जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा विद्युत तारों को लेकर पहले ही शिकायत की जा चुकी थी, तो समय रहते समस्या का समाधान क्यों नहीं कराया गया? यदि विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लिया होता और तारों को सुरक्षित कराया होता, तो शायद लाखों रुपये के नुकसान की यह घटना टाली जा सकती थी।घटना ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और गोदाम संचालक ने मांग की है कि मामले की जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा गोदाम की छत के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को तत्काल हटाकर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।अब देखना यह है कि इस घटना के बाद विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराते हैं या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग की नींद टूटेगी।
रिपोर्ट संजीव कुमार तेनगुरिया

