सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के असमन छपरा (बीजापार) वार्ड नंबर 17, इंदिरानगर निवासी महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। मामले में कोठीभार पुलिस ने चार नामजद युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शिकायतकर्ता पुनीता देवी पत्नी दयानन्द पाठक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी मीना पाठक (काल्पनिक नाम) को उनके ही वार्ड का रहने वाला रवि चौहान कथित तौर पर सोशल मीडिया पर उसकी फोटो डालकर परेशान कर रहा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में पहले सिसवा चौकी पर सूचना देकर युवक को समझाया गया था, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी उसकी गतिविधियां नहीं रुकी ।

आरोप है कि 11 सितंबर की रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच रवि चौहान कथित रूप से नाबालिग बच्ची को लेकर घर से चला गया। बच्ची के घर पर न मिलने की जानकारी होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह आरोपी के घर भी पहुंचीं, जहां कथित तौर पर उसकी मां ने बच्ची के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके कुछ समय बाद आरोपी की मां और बहन भी घर से चली गईं।

मामले में रवि चौहान के अलावा अमन यादव पुत्र विनोद, संजय चौहान पुत्र कन्हैया तथा आशीष यादव पुत्र साधु यादव पर भी बच्ची को ले जाने में सहयोग करने का आरोप लगाया है।मामले की सूचना मिलने के बाद कोठीभार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 137(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश को सौंपी है।

4 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *