कार्यक्रम के आयोजकों से समन्वय कर कलाकारों, अतिथियों व दर्शकों की जानकारी पहले से जुटाने के निर्देश
हाथरस। 17 सितंबर से शुरू होने वाले ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं जनआस्था के प्रतीक श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में लापरवाही न बरती जाए और सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कार्यक्रमों के लिए नामित समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे आयोजकों से लगातार संपर्क में रहें तथा कार्यक्रम की रूपरेखा, कलाकारों एवं अतिथियों के आगमन और संभावित दर्शकों की संख्या की जानकारी पहले से प्राप्त करें, ताकि सुरक्षा, मंच, पार्किंग, यातायात, विद्युत एवं पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जा सकें।डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर शुरू हों और समय पर समाप्त किए जाएं, जिससे अगले कार्यक्रमों के आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने मेला परिसर, पंडाल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग और बैरिकेडिंग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखने के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें, ताकि मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था सामने आने पर तत्काल उसका समाधान कराया जाए। डीएम ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज मेला जनपद की आस्था, परंपरा और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसे सफल बनाना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि मेले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता होगी। उन्होंने बड़े कार्यक्रमों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यक्रमों के लिए नामित समन्वयक मौजूद रहे।
रिपोर्टर राजा पाठक

