आपराधिक केस से लेकर चेक बाउंस, बैंक वसूली और पारिवारिक विवाद तक मामलों का हुआ निस्तारण
हाथरस। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को जनपद हाथरस में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने फीता काटकर लोक अदालत का शुभारंभ किया। इस दौरान अन्य न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहे। लोक अदालत शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग अपने मामलों के निस्तारण के लिए पहुंचे। जिला न्यायालय परिसर के साथ मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण, स्थायी लोक अदालत, उपभोक्ता फोरम, कलेक्ट्रेट और सभी तहसील मुख्यालयों पर भी लोक अदालत आयोजित की गई।राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंकों और सरकारी विभागों की ओर से शिविर लगाए गए, जहां मामलों से जुड़े पक्षकारों की समस्याएं सुनी गईं। आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर विवादों को समाप्त कराने का प्रयास किया गया। जिला न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रकार के मामलों को निस्तारण के लिए रखा गया, जिससे पक्षकारों को लंबे समय तक चलने वाली कानूनी प्रक्रिया से राहत पाने का अवसर मिला।लोक अदालत में आपराधिक मामलों के साथ चेक बाउंस, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना मुआवजा, पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का भी आपसी सहमति से निस्तारण किया गया। छोटे आपराधिक मामलों में नियमानुसार जुर्माना लगाकर उनका निपटारा किया गया। सुलह-समझौते के जरिए मामलों के निस्तारण से पक्षकारों का समय और धन बचा तथा लंबे समय से चले आ रहे विवादों को समाप्त करने का अवसर मिला।हाथरस इमरान मलिक की खबर

