रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा
बदायूँ: 13 सितम्बर। जनपद में 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। 17 सितम्बर को मा0 प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा दिवस-आर्शीवाद का दीया के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन सभी निर्मित परियोजनाओं, कछला एवं अटेना गंगा घाट प्रमुख मंदिरों, विद्यालयों व महाविद्यालयों, चिकित्सालयों तथा 1037 ग्राम पंचायतों, 21 नगर पालिका/नगर पंचायतों में सांय 07 बजे दीया प्रज्जवलित किए जाने के साथ ही लाभार्थीपरक योजना, किसान सम्मान निधि अन्तर्गत 410928, विधवा पेंशन योजनान्तर्गत 66605, वृद्धा पेंशन योजनान्तर्गत 76444, दिव्यांगजन पेंशन योजनान्तर्गत 20388, प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) योजनान्तर्गत 44766 कुल लगभग पांच लाख से अधिक लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्जवलित होंगे।

रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ0 अरुण कुमार की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने हेतु बैठक आयोजित हुई। प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यक्रमों में सभी जनप्रतिनिधियों एवं जनसामान्य की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जिला एवं पुलिस प्रशासन के प्रयासों से कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न हुई, वह आशा करते है इसी प्रकार सेवा संकल्प अभियान भी सफल होगा। कलेक्ट्रेट आगमन पर प्रभारी मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधियों का बुके देकर स्वागत किया गया।
आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के अन्तर्गत दीप प्रज्जवलन के साथ ही समस्त तहसीलों एवं डायट ऑडिटोरियम में दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग में पंजीकृत 297 दिव्यांगजन लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
इन स्थानों पर आयोजित होंगे रक्तदान शिविरः- 17 सितम्बर को जिला पुरुष चिकित्सालय, 18 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, 19 को चेरिटेबिल ब्लड केन्द्र, 20 जौहरी नर्सिंग होम, 21 को भारत चेरिटेबिल ब्लड केन्द्र तथा 22 सितम्बर को नेशनल चेरिटेबिल ब्लड केन्द्र में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। इसी दिन समस्त तहसीलों एवं डायट ऑडिटोरियम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना अन्तर्गत 500 टूलकिट भी वितरित की जाएंगी।
सेवा संकल्प अभियान में यह कार्यक्रम होंगे आयोजित:- 17 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा कार्यक्रम समस्त विद्यालयों, विकास खण्डों व जिला मुख्यालयों पर आयोजित होगा। इसमें कक्षा 05 से 08 तक, 09 से 12 तक के छात्र-छात्राओं की चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किए जाएंगे। अगला कार्यक्रम नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद, यज्ञ एवं प्रार्थना सभाएं तथा ग्राम चौपाल एवं सीधा संवाद जैसे कार्यक्रम पूरे सेवा संकल्प अभियान तक चलते रहेंगे। कार्यक्रम की रील बनाकर सूचना पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, बिल्सी हरीश शाक्य, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज, पूर्व विधायक शेखूपुर धर्मेन्द्र कुमार शाक्य, जेके सक्सेना, अशोक भारतीय, महामंत्री जोेगेन्द्र राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने सम्पूर्ण सेवा संकल्प अभियान के एक-एक कार्यक्रम से प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
