मिठौरा/महराजगंज। मिठौरा ब्लॉक के ग्राम सभा मधुबनी में आयोजित पीडीए जन चौपाल में समाजवादी पार्टी के 317 सिसवा विधानसभा क्षेत्र से प्रबल दावेदार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भैया के समर्थन में भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में सपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे रामदुलारे राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जन चौपाल में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधते हुए महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं की समस्याओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

पूर्व मंत्री रामदुलारे राजभर ने कहा कि आज महंगाई ने आम आदमी के घरेलू बजट को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार की तलाश में युवा परेशान हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भरोसा प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश में विकास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के हित में कई योजनाओं पर काम किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने का आह्वान किया।

महंगाई और युवाओं के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामनिवास यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई का असर सीधे आम परिवार की रसोई और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान, मजदूर, युवा और मध्यम वर्ग अपने अधिकारों और रोजगार के अवसरों को लेकर सवाल कर रहा है।उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को परेशानी उठानी पड़ती है। सरकार को परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में युवाओं, छात्रों, किसानों और गरीबों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की गई थीं।

सपा जिलाध्यक्ष ने गिनाईं सपा सरकार की उपलब्धियां

सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर गुप्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में सड़क एवं बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा युवाओं के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात करती रही है।उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई और बेरोजगारी आज जनता के बीच बड़े मुद्दे हैं। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और रोजगार के बेहतर अवसर चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने तथा समाजवादी पार्टी की विचारधारा और योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम में बिरहा गायकों ने अपने गीतों के माध्यम से सरकार की नीतियों, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया। बिरहा के माध्यम से कलाकारों ने भाजपा सरकार की कथित कमियों को जनता के सामने रखने का प्रयास किया, जिसे मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ सुना।

वहीं मधुबनी गांव के ग्रामीणों और समर्थकों ने गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भैया के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। समर्थकों ने उन्हें 317 सिसवा विधानसभा क्षेत्र से भावी विधायक बनाने का संकल्प जताया। कार्यक्रम के दौरान ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ और ‘फौजी भैया जिंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंज उठा।

सपा नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के मुद्दे ही चुनाव की दिशा तय करेंगे। कार्यक्रम के अंत में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने तथा अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सपा की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।

30 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed