संगठन की मजबूती पर सपा का जोर, चुनाव से पहले एकजुटता का संदेश,

रिपोर्ट:- मोहम्मद अशफाक

लखीमपुर खीरी।समाजवादी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को पलिया नगर स्थित 137 विधानसभा क्षेत्र के सपा कार्यालय में संगठन विस्तार कार्यक्रम एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने संगठन की मजबूती के साथ ही आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धनंजय उपाध्याय ने की, जबकि संचालन जीएस वालिया ने किया। मुख्य अतिथि सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की सबसे मजबूत कड़ी हैं। आगामी चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए अभी से जुटना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव रेहान खान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में टिकट किसी एक प्रत्याशी को ही मिलेगा। प्रत्याशी घोषित होने के बाद सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी के प्रत्याशी को जिताने में जुटना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत सबसे महत्वपूर्ण होती है और कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
नगर अध्यक्ष फुरकान अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी में सभी वर्गों और कार्यकर्ताओं को समान सम्मान दिया जाता है। उन्होंने पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जनहित से जुड़ा बताते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान सपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए नए लोगों एवं कार्यकर्ताओं का अंगवस्त्र पहनाकर और फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प भी लिया।सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी बालकराम, डॉ. अजय कुमार अवस्थी और संजीव कुमार ‘मुन्ना’ ने भी विचार रखे। डॉ. अवस्थी ने पलिया खुर्द में गरीबों के मकान तोड़े जाने का मुद्दा उठाते हुए प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही।कार्यक्रम के अंत में मैलानी की पूर्व चेयरमैन अनीता यादव ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुरुप्रीत सिंह ‘जार्जी’, पूर्व चेयरमैन महमूद हुसैन खान, पूर्व जिला सचिव नरेश यादव, सुमेरनगर प्रधान सईद, गुरुप्रीत सिंह नन्नर, महलूद, राहुल गुप्ता, पूर्व प्रधान अरुण कुमार, मोहम्मद जुबैर सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *