ब्रेकिंग न्यूज़
मथुरा वृंदावन मिट्टी के गणपति बनाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
एम डी न्यूज
रिपोर्टर बनवारी सैनी
नगर निगम और प्रोजेक्ट मथुरा की पहल में 50 से अधिक नागरिकों ने बनाई 30 से अधिक प्रतिमाएं
मथुरा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर मथुरा-वृंदावन नगर निगम और प्रोजेक्ट मथुरा की ओर से लगातार तीसरे वर्ष नगर निगम भूतेश्वर मुख्यालय में पर्यावरण-अनुकूल ‘मिट्टी के गणपति’ कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बच्चों, युवाओं और परिवारों सहित 50 से अधिक नागरिकों ने प्राकृतिक मिट्टी से 30 से अधिक गणेश प्रतिमाएं बनाईं। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिमाओं की सामूहिक महाआरती की गई।
कार्यशाला का उद्देश्य प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं से होने वाले जल प्रदूषण को रोकना और पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन को बढ़ावा देना रहा। प्रतिभागियों को बताया गया कि मिट्टी की प्रतिमा को घर में पानी से भरे पात्र में विसर्जित कर घुली मिट्टी और पानी का उपयोग पौधों में किया जा सकता है।
प्रोजेक्ट मथुरा के सीए विपुल अग्रवाल ने कहा कि यमुना घाटों पर विसर्जन के बाद प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाएं दिखाई देती हैं। इससे पर्यावरण और आस्था दोनों प्रभावित होते हैं। मिट्टी के गणपति को जनआंदोलन और नई परंपरा बनाकर मां यमुना और प्रकृति की रक्षा की जा सकती है।
नगर निगम के स्वच्छता विशेषज्ञ ऋषभ दुबे ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। आईटी विशेषज्ञ विनीत द्विवेदी ने इसे लगातार तीसरे वर्ष आयोजित होने वाली सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम में दिल्ली से आए कलाकार आदित्य चौधरी ‘जामुनापारवाला’ की जीवंत चित्रकारी आकर्षण का केंद्र रही। तैयार कलाकृति नगर आयुक्त ओजस्वी राज को भेंट की जाएगी। वहीं नेचर ग्रीन के अभिलाष सांगवान और मथुरा राउंड टेबल के राघव अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
प्लास्टिक बैंक अभियान फिर शुर
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट मथुरा के ‘प्लास्टिक बैंक’ अभियान का भी पुनः शुभारंभ किया गया। नागरिकों से चिप्स, कुरकुरे सहित अन्य सूखे प्लास्टिक पाउच अलग एकत्र कर पुनर्चक्रण के लिए जमा करने की अपील की गई। बाल प्रतिभागी काव्यान ने कहा कि इससे प्लास्टिक गोवंश के भोजन, यमुना और कचरा स्थल तक पहुंचने से रोका जा सकेगा। आयोजन में अर्पिता और भानवी ने गणपति बनाने का प्रशिक्षण दिया। नगर निगम, प्रोजेक्ट मथुरा, नेचर ग्रीन और प्लान फाउंडेशन की टीम ने सहयोग किया


