
एम डी न्यूज
रिपोर्टर बनवारी सैनी
मथुरा। छाता तहसील क्षेत्र में फैक्ट्रियों से निकलने वाले कथित काले धुएं और प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रविवार 13/09/26 को कोसीकलां क्षेत्र के नवीपुर समेत आसपास के गांवों के महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए। ग्रामीणों ने रैली निकालकर प्रदूषण के खिलाफ विरोध जताया और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की
रैली में शामिल ग्रामीण हाथों में तख्तियां और नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदूषण से मुक्ति दो, समस्याओं का समाधान करो” समेत कई नारे लगाए। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में संचालित कुछ फैक्ट्रियों से निकलने वाला काला धुआं और अन्य प्रदूषण लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। उनका कहना है कि प्रदूषण के चलते आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार विभागों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। लगातार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई। इसी के चलते उन्होंने रैली निकालकर अपनी आवाज प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मांग की कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण की जांच कराई जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान कराने की मांग उठाई गई।
रैली के बाद ग्रामीणों ने मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर जल्द कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी शिकायत पर जिम्मेदार विभाग गंभीरता से संज्ञान लेकर प्रदूषण की समस्या का समाधान कराएंगे।
