
हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव सैदपुरा निवासी रामलक्षिन (70) पुत्र भगवती स्वरूप सोमवार को किसी काम से फतेहाबाद तहसील जा रहे थे। वह बाह बाईपास स्थित कमला देवी अस्पताल के पास सड़क किनारे खड़े थे।
इसी दौरान बाह की ओर से आए एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रामलक्षिन सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत बताया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
