
प्रयागराज। नगर निगम सदन के सत्र में शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जल निकासी की समस्या, यातायात जाम से निजात, पार्किंग की व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
नामित पार्षद श्री अरुण कुमार मिश्रा ‘पिंटू नेता’ जी ने अपने विस्तारित क्षेत्र के वार्ड 75 से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से सदन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वार्ड 75 में कई स्थानों पर अवैध तरीके से दुकानें खोल ली गई हैं तथा लोगों द्वारा नालियों के ऊपर अनाधिकृत रूप से निर्माण कर लिया गया है। ऐसे अतिक्रमण को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने पुलिस चौकी के पास स्थित तालाब की भूमि के संबंध में भी सुझाव रखा। उन्होंने कहा कि यदि नियमानुसार भूमि नगर निगम के उपयोग में लाई जा सकती है, तो वहां नगर निगम द्वारा दुकानों का निर्माण कराकर व्यवस्थित मार्केट विकसित किया जाए, जिससे क्षेत्र का विकास होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सके।
नामित पार्षद अरुण कुमार मिश्रा ‘पिंटू नेता’ ने नगर निगम से जनहित में इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
