कसौधन कसौधन/ब्यूरो
निचलौल, महराजगंज। हेरा पब्लिक इंटर कॉलेज, निचलौल में मंगलवार को छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य एवं नेत्र सुरक्षा को लेकर निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मास्क आई केयर, निचलौल की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं की अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से आंखों की जांच की गई।

शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में होने वाली नेत्र संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उन्हें उचित उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा। जांच के दौरान विद्यार्थियों की दृष्टि क्षमता सहित आंखों से जुड़ी विभिन्न सामान्य समस्याओं की जांच की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आंखों की नियमित जांच कराने तथा आंखों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के संबंध में भी जानकारी दी।

मास्क आई केयर के प्रबंधक मेराज सिद्दीकी ने बताया कि विद्यार्थियों में समय रहते आंखों से जुड़ी समस्या की पहचान होना बेहद जरूरी है। शुरुआती स्तर पर समस्या का पता चलने से उचित उपचार और देखभाल के माध्यम से भविष्य में होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल, टीवी एवं अन्य डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा आंखों को पर्याप्त आराम देने की सलाह दी।

नेत्र विशेषज्ञ अमीना सिद्दीकी एवं चंद्रा ने अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से छात्र-छात्राओं की नेत्र जांच की और आवश्यकतानुसार उन्हें सावधानियों एवं आगे की जांच/उपचार के संबंध में परामर्श दिया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी आंखों की जांच कराई।

विद्यालय की ओर से शिक्षक फकरे आलम, देवेंद्र प्रताप, सुनील साहनी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने मास्क आई केयर की टीम का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी हैं। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच होने से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और किसी भी समस्या का समय रहते पता लगाया जा सकता है।

