
प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम समाजवादी पार्टी के जिला सचिव एवं पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव की बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात हंडिया थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई।
जानकारी के अनुसार, पवन यादव मुंगराव गांव के रहने वाले थे। शाम को वह हंडिया क्षेत्र में मौजूद थे, तभी बाइक सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में लगी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस टीमों को हमलावरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
