महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी निचलौल रवींद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना निचलौल पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर स्कूली वाहनों की जांच की।

चेकिंग के दौरान निचलौल थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार राय ने स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लिया। जिन वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्कूली बच्चों को भी यातायात नियमों की जानकारी दी। बच्चों को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही वाहन चालकों को भी बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली वाहनों में यात्रा करने वाले बच्चों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर वाहनों की जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से स्कूली वाहन संचालकों में भी नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

8 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed