गोण्डा-उत्तर प्रदेश के गोंडा में दो बाइक के आमने-सामने की टक्कर में अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार देकर जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार के दोपहर बाद लगभग 4:30 बजे मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मनकापुर नवाबगंज मार्ग स्थित सरदार मोहर सिंह महिला महाविद्यालय के पास दो बाईकों के आमने-सामने के टक्कर में थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव निवासी 48 वर्षीय परमानंद वर्मा पुत्र स्व रामसेवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वही इस हादसे में क्षेत्र के बक्सरा आज्ञाराम गांव के रहने वाले 18 वर्षीय रजनीश यादव पुत्र रामदेव गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें प्राथमिक उपचार देकर जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया।
बाजार से घर लौटते हादसा

बताया जाता है कि संध्या पूर्व परमानंद मनकापुर बाजार से मार्केटिंग करके घर के तरफ जा रहे थे, जब वह बाजार से कुछ दूर आगे पहुंचे थे, इसी दौरान महाविद्यालय के पास सामने से आए बाइक सवार ने जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, वही इस हादसे में दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से निजी वाहन के जरिए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक के स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला मुख्यालय रेफर कर दिया

परिवार में कोहराम

मृतक परमानंद खेती करके परिवार का गुजारा करते थे, दो बेटों में बड़े बेटे की शादी हो चुकी है, वहीं छोटे बेटे के शादी की जिम्मेदारी निभानी अभी बाकी थी। हादसे से पत्नी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।

भाई ने दी शिकायती पत्र

घटना को लेकर मृतक के भाई रामानंद ने मनकापुर पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए कहा है कि उनका छोटा भाई बाइक पर सवार होकर अपने साइड से जा रहा था, इस दौरान सामने से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने ठोकर मार दिया, जिससे भाई की मौके पर ही मौत हो गई।

बोले चिकित्सक

इमरजेंसी में मौजूद चिकित्साधिकारी डॉ रवीश रिजवी ने बताया कि, एक्सीडेंट में अधेड़ को मृत अवस्था में लाया गया था, पुलिस को मेमो भेज दिया गया है। वही एक युवक घायल था, जिसे रेफर कर दिया गया है।

बोले इंस्पेक्टर

मामले में मनकापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने दूरभाष पर बताया कि, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

3 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *