हाथरस। ब्रज क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के प्रतीक 115वें एवं तृतीय प्रांतीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज-2026 का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर दाऊ बाबा और रेवती मैया के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया।उद्घाटन समारोह में छात्राओं ने स्वागत गीत के साथ ब्रज गीत और लोकनृत्य की मनोहारी प्रस्तुति देकर ब्रज की संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मेले के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 1912 में छोटे आयोजन के रूप में शुरू हुई मेले की परंपरा आज विशाल लक्खी मेले का रूप ले चुकी है। वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश शासन ने इसे राजकीय मेला घोषित किया था।प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला हाथरस की आस्था, संस्कृति और विरासत का प्रतीक है तथा इसका प्रांतीय मेला होना जनपदवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने मेले के शुभारंभ पर जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर 10 महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीन वितरित कर लाभान्वित किया गया। मंत्री ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वावलंबन के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।मेले के दौरान दंगल, रासलीला, कवि सम्मेलन, किसान एवं कृषि सम्मेलन, महिला एवं बाल कार्यक्रम, साहित्य सम्मेलन, पंजाबी दरबार, भजन एवं संगीत सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, स्वच्छता, प्रकाश एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने मेला पंडाल स्थित अखाड़े में आयोजित कुश्ती दंगल का आनंद लिया और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, जिला पंचायत की निवर्तमान अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

रिपोर्ट संजीव कुमार तेनगुरिया

0 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *